मण्डला,कलेक्टर ने किया घुघरी क्षेत्र का दौरा विकास कार्यों का किया अवलोकन, हितग्राहियो से की चर्चा

मण्डला,कलेक्टर हर्षिका सिंह ने घुघरी क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न योजनाओं के तहत् किए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न विभागों के मैदानी अमले द्वारा दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। भ्रमण के दौरान एडीएम मीना मसराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



        लाटो ग्राम में मनरेगा के कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रवासी श्रमिकों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खेत-तालाब, मेढ़बंधान आदि कार्यों का अवलोकन किया। डूंडादेई गांव के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आंगनवाड़ी केन्द्र से पोषण आहार के वितरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से वन अधिकार दावों के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल की उपलब्धता तथा चिकित्सक, एम्बूलेंस की पहुंच सहित अन्य विभागों के मैदानी अमलों के संबंध में जानकारी ली। खाद्यान्न वितरण के संबंध में ग्रामीणों से मिले फीडबैक के आधार पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को पात्रता पर्ची न होने पर भी खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्राम की साक्षर महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्हें अन्य महिलाओं को भी साक्षर करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में ग्राम की पढ़ी-लिखी महिलाएं अन्य महिलाओं को अक्षरज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक बैंकिंग एवं वित्तीय साक्षर बनाने का कार्य करेंगी।
रोपित पौधों की देखभाल भी करें
        वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने फलदार और छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को वृक्षारोपण का महत्व बताते हुए कहा कि रोपित किए जाने वाले पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। भ्रमण के दौरान उन्होंने श्री पद्धति से हो रही धान की बोनी का जायजा लिया और हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उपज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उपसंचालक कृषि को किसानों की आय बढ़ाने के लिए अन्य स्त्रोतों को विकसित करने संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से खाद, बीज की उपलब्धता तथा उनकी कीमतों के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने मुख्यालय में नही रहने, लगातार अनुपस्थित तथा किसानों को समुचित सेवाएं उपलब्ध न कराने वाले एसएडीओ श्री गौठरिया को निलंबित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को दी मॉस्क लगाने की समझाईश
        घुघरी भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से किल कोरोना अभियान के तहत् किए जा रहे सर्वे के संबंध में जानकारी ली। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने की समझाईश देते हुए उन्होंने ग्रामीणों को मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने की समझाईश दी। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए सुरक्षा के मानकों का पालन करना ही एकमात्र उपाय है।
समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी का औचक निरीक्षण


कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अपने भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक, प्रसव वार्ड, हॉस्पिटल में गाड़ियों तथा एम्बूलेंस की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजा तथा उनके परिजनों से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली सहायता राशि के संबंध में जानकारी लेते हुए हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी संधारित करने तथा उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बाहर से आए मजदूरों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा क्षेत्र में अन्य संक्रामक बीमारियों के बारे में भी पूछा।