नई दिल्ली,।भाजपा चुनाव समिति की बैठक खत्म, राज्यसभा चुनाव पर हुई चर्चा

नई दिल्ली,। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक मंगलवार शाम भाजपा मुख्यालय में हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की मौजूदगी में मंगलवार शाम करीब छह बजकर दस मिनट पर शुरू हुई यह बैठक करीब 50 मिनट तक चली। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह बैठक पूर्व निर्धारित थी और इसमें राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर प्रारंभिक चर्चा हुई।


बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद्र गहलोत, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर उपस्थित थे। 

मध्य प्रदेश के ताजा राजनीतिक संकट चलते शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नहीं पहुंच सके। इसके साथ ही जुएल ओराम भी बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। 

मंगलवार सुबह से ही मीडिया में यह चर्चा थी कि कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसके चलते भाजपा कार्यालय पर काफी गहमागहमी दिख रही थी और मीडिया का बड़ा जमावड़ा था। पर भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक सम्पन्न होने तक ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा मुख्यालय नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि ऐसा कोई कार्यक्रम तय ही नहीं था।