चीन में सोमवार को कोरोना वायरस से मरनेवालों की संख्या बढ़कर 3,119 हो गई। नेशनल हेल्थ कमीशन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक 44 नए मामले दर्ज किए गए हैं। ये संख्या जनवरी से दर्ज होने वाले मामलों में सबसे कम है।
अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि वायरस के शुरू होने वाले वुहान शहर में स्थापित किए गए अस्थायी अस्पतालों को भी बंद किया जाएगा।
चीन में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 80,735 हो चुकी है। 19,016 लोगों का इलाज चल रहा है। 58,600 लोगों के रिकवर करने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
उल्लेखनीय है कि घातक कोरोना वायरस के फैलने की शुरुआत चीन के वुहान शहर से हुई थी। यह तेजी से अब तक 85 देशों में फैल चुका है। इससे संक्रमित लोग बड़ी संख्या में मर रहे हैं और कई देशों ने यात्राओं और उड़ानों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।